भारत और इंडोनेशिया के बीच सैन्य कूटनीति के एक हिस्से के तौर पर बारी-बारी से संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यास गरूड़ शक्ति का आयोजन किया जाता है। 
•    यह अभ्यास पारस्परिक आधार पर आयोजित होता है। पहली बार साल 2012 में भारत में इसका आयोजन किया गया था। इसके दूसरे संस्करण का आयोजन वर्ष 2013 में इंडोनेशिया और तीसरे संस्करण का आयोजन वर्ष 2014 में भारत में किया गया। 
•    इस संयुक्त सैन्य अभ्यास का उद्देश्य भारत और इंडोनेशिया की सेनाओं के बीच सकारात्मक संबंधों का निर्माण करना और उन्हें बढ़ावा देना है। 
•    दोनों देशों के बीच 13 दिन तक चलने वाले संयुक्त सैन्य अभ्यास के इस चौथे संस्करण का आयोजन इंडोनेशिया के मेगेलांग में 10 से 23 मार्च, 2016 के बीच किया जाएगा। 
•    इसमें भारतीय सेना का एक मजबूत दस्ता इंडोनेशिया की एयरबोर्न बटालियन के साथ मिलकर अभ्यास करेगा। इस अभ्यास के लिए चुने गए भारतीय सेना का दस्ते को उत्तरी, पश्चिमी और पूर्वी क्षेत्रों में विभिन्न उग्रवाद रोधी और आतंकवाद निरोधक अभियानों का अनुभव हासिल है। 
•    इस संयुक्त अभ्यास का उद्घाटन समारोह 11 मार्च 2016 को होगा। भारतीय सैन्य दस्ता संयुक्त अभ्यास स्थल इंडोनेशिया के मेगेलांग में अपने हथियारों, उपकरणों, सामरिक ड्रिल के साथ पहुंचेगा और खुद को वहां के हालात के अनुरूप ढालेगा। 
•    शहरी और ग्रामीण परिदृश्य में संयुक्त आतंकवाद रोधी ऑपरेशन को देखते हुए यह अभ्यास किया जा रहा है और इसमें सामरिक आतंकवाद रोधी आपरेशन के विभिन्न पहलुओं को परखा जाएगा।